Shakarkand Ke Patton Ke Fayde: शकरकंद तो खूब खाया होगा, शकरकंद के पत्तों का साग खाया है कभी? कंद से भी ज्यादा पौष्टिक इसके पत्तों के फायदे जानिए यहां…

Shakarkand Ke Patton Ke Fayde: शकरकंद आज के दौर में भी बहुत पसंद किया जाता है क्योंकि इसके फायदे बेमिसाल हैं और लोग भी अवेयर हो रहे हैं। तो चलिए आपकी अवेयरनेस बढ़ाते हैं और आज बताते हैं शकरकंद के पत्तों के फायदे। आपको जानकर हैरानी होगी कि शकरकंद के पत्तों में उसके कंद के बजाय तीन गुना अधिक विटामिन बी 6, पांच गुना अधिक विटामिन सी और पूरे दस गुना अधिक राइबोफ्लेविन होता है। अब तो आप समझ ही गए होंगे कि ये पत्ते कितने फायदेमंद होंगे।छत्तीसगढ़ में शकरकंद के पत्तों का साग (कांदा भाजी) बहुत शौक से खाया जाता है। इसे ब्लड शुगर कम करने का भरोसेमंद तरीका माना जाता है। आइए जानते हैं शकरकंद के पत्तों के फायदे।
पोषक तत्वों से भरपूर
शकरकंद के पत्ते विटामिन सी और विटामिन B के विभिन्न प्रकारों के साथ-साथ विटामिन ए, विटामिन के, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम, मैंगनीज,जिंक, कॉपर, फास्फोरस पोटेशियम और आयरन से भरपूर होते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट्स, कैरोटेनॉइड्स और फ्लेवेनॉइड्स की भरपूर मात्रा होती है।
इम्यूनिटी बढ़ाते हैं
जैसा कि हमने बताया कि शकरकंद की पत्तियों में शकरकंद की तुलना में 5 गुना ज्यादा विटामिन सी होता है। साथ ही इसमें अन्य एंटीऑक्सीडेंट्स भी भरपूर मात्रा में होते हैं। इसलिए शकरकंद की भाजी या कांदा भाजी के सेवन से इम्यूनिटी को बूस्ट करने में बहुत मदद मिलती है और आप कम बीमार पड़ते हैं।
शुगर कंट्रोल में मददगार
गांवों में आज भी शकरकंद के पत्तों को डायबिटीज़ की देसी दवाई माना जाता है। और यह स्टडीज़ में भी सामने आया है कि इन पत्तियों के सेवन से शुगर कम करने में मदद मिलती है। भरपूर डाइटरी फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स के चलते इनमें यह खूबी आती है।
आंखों के लिए बेहतरीन
शकरकंद के पत्तों में विटामिन ए की मात्रा बहुत अच्छी होती है। कैरोटेनॉयड्स से भरपूर ये पत्तियां मेकुलर डीजेनरेशन को रोकती हैं और लंबी उम्र तक आपकी आंखों की रोशनी सही-सलामत रहती है।
कैंसर के खिलाफ कारगर
शकरकंद के पत्तों में एंटीऑक्सीडेंट्स भर-भर के होते हैं। ये ऑक्सीडेटिव स्ट्रैस को कम करते हैं और फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं। इसलिये शकरकंद की पत्तियों के सेवन से कोशिकाएं स्वस्थ रहती हैं, उनका डैमेज से बचाव होता है। साथ ही उनका अनियंत्रित विकास भी नहीं होता। इसलिए ये कैंसर को पनपने से रोकती हैं।
हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
शकरकंद की पत्तियों में पोटेशियम, मैग्नीशियम, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स पर्याप्त मात्रा में होते हैं जो इसे हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद बनाते हैं। शकरकंद के पत्ते न केवल कोलेस्ट्रॉल और हाई बीपी को कंट्रोल करते हैं बल्कि ये रक्त परिसंचरण को भी सुधारते हैं और थक्के बनने के जोखिम को कम करते हैं। शकरकंद की पत्तियां विभिन्न तरह की हार्ट डिजीज से बचाव में मदद करती हैं।
खून बढ़ाते हैं शकरकंद के पत्ते
शकरकंद के पत्तों में आयरन की अच्छी मात्रा होती है जो इन्हें एनीमिया के खिलाफ कारगर बनाती है। गांवों में किशोरियों के भोजन में शकरकंद का साग ज़रूर शामिल किया जाता है जिससे पीरियड्स के शुरुआती दौर में खून जाने से वे कमज़ोरी महसूस नहीं करतीं। हर उम्र की महिलाओं और खून की कमी झेल रहे पुरुषों के लिए भी शकरकंद के पत्ते फायदेमंद हैं।
हड्डियों को बनाएं स्ट्राॅन्ग
शकरकंद की पत्तियों में कैल्शियम के साथ-साथ फॉस्फोरस, मैग्नीशियम जैसे तत्व भी होते हैं जो हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी होते हैं और उनको लंबी आयु तक स्वस्थ बनाए रखते हैं।
फाइबर से भरपूर
शकरकंद की पत्तियों में पर्याप्त डाइटरी फाइबर होते हैं जो इन्हें कब्ज़ और पाचन की विभिन्न समस्याओं के खिलाफ फायदेमंद बनाते हैं। साथ ही इसकी वजह से वेट लॉस में भी मदद मिलती है।
सूजन घटाए
शकरकंद की पत्तियों में एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं। इसलिए इनके सेवन से जोड़ों के दर्द, सूजन आदि से राहत मिलती है। इसके अलावा शरीर के अंदरूनी अंगों में होने वाली सूजन और कई बार उसकी वजह से होने वाले मोटापे तक से भी ये राहत देती हैं।