Aaj Ka Mausam 20 July 2024: राजधानी में उमस और गर्मी ने लोगों को किया परेशान, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

Aaj Ka Mausam 20 July 2024: मॉनसून के बावजूद राजधानी में बारिश बैकफुट पर है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को सता रही है। अगले छह से सात दिनों तक राजधानी में भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। हालांकि 21 से 23 जुलाई तक मध्यम बारिश होने की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी से बहुत अधिक राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री रहा, जो सामान्य है। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा, जो भी सामान्य है। हवाओं में नमी का स्तर 67 से 95 प्रतिशत तक रहा। रिज में हल्की बूंदाबांदी हुई।
आज हल्की बारिश के आसार
शनिवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 28 डिग्री तक रह सकता है। 21 से 23 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री तक रहने की संभावना है। 24 और 25 जुलाई को बारिश एक बार फिर हल्की हो जाएगी। तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है।
अगले हफ्ते भी परेशान कर सकती है उमस
स्काईमेट के अनुसार राजधानी में मॉनसून की बारिश अब तक अनियमित रही है। आने वाले एक हफ्ते में भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। अगले हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है, लेकिन यह बारिश भी लगातार या समान रूप से नहीं होगी। इसके चलते गर्मी और उमस से अधिक राहत की उम्मीद नहीं दिख रही है। अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली में बारिश के आसार काफी कम हैं।
तीन दिन बाद प्रदूषण फिर सामान्य स्तर पर पहुंचा
राजधानी में तीन दिन बाद प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़कर सामान्य स्तर पर पहुंच गया है। बारिश थमने के साथ धूल और गाड़ियों के धुएं को प्रदूषण बढ़ने का कारण माना जा रहा है। आज भी प्रदूषण का स्तर सामान्य रहेगा और अगले दो दिन यह एक बार फिर संतोषजनक स्तर पर आ सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एयर बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को राजधानी का AQI 124 रहा। फरीदाबाद का 159, गाजियाबाद का 143, ग्रेटर नोएडा का 133, गुरुग्राम का 103 और नोएडा का 95 रहा।
हवाओं की गति और दिशा
शुक्रवार को हवाओं की गति 8 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। हवाएं नॉर्थ ईस्ट और साउथ ईस्ट दिशा से आईं। 20 जुलाई को हवाओं की स्पीड 12 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे, 21 जुलाई को 12 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे और 22 जुलाई को 12 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।