Aaj Ka Mausam 12 September 2024: देशभर में मानसून का कहर, कई राज्यों में भारी बारिश और अलर्ट जारी

Aaj Ka Mausam 12 September 2024: देश भर में मानसून के चलते कई राज्यों में भारी बारिश का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक बूंदाबांदी में बदल गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन राज्यों में किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
बुधवार रात दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, ग्रीन पार्क, मिंटो ब्रिज और लुटियंस दिल्ली समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे वीकेंड फिर से मजेदार होने वाला है।
उत्तर प्रदेश में रेड और ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। खासकर पश्चिमी यूपी में हालात खराब हैं। मथुरा और आगरा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य के अन्य जिलों जैसे फर्रुखाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और शाहजहाँपुर में भी गुरुवार और शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के 12 में से पांच जिलों में भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, किन्नौर, सिरमौर, सोलन, शिमला और बिलासपुर जिलों में 17 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। राज्य की 37 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
राजस्थान और हरियाणा में भी भारी बारिश का कहर
राजस्थान में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और पलवल में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।






