Sharda Sinha Passes Away: नहीं रहीं मशहूर लोकगायिका शारदा सिन्हा, दिल्ली AIIMS में लीं अंतिम सांस

Sharda Sinha Passes Away: नहीं रहीं मशहूर लोकगायिका शारदा सिन्हा, दिल्ली AIIMS में लीं अंतिम सांस

Sharda Sinha Death: लोकप्रिय लोक गायिका और पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। वे कैंसर के कारण दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज करा रही थीं, जहां 25 अक्टूबर से भर्ती थीं। उन्हें बोन मैरो कैंसर, मल्टीपल मायलोमा था, जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ती गई। डॉक्टरों की देखरेख में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, पर सेप्सिस के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी एम्स पहुंचकर उनकी देखभाल के लिए विशेष निर्देश दिए। स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने शारदा जी के बेटे अंशुमान से भी बात की और परिवार को ढांढस बंधाया।

बिहार की रहने वाली शारदा सिन्हा भारतीय लोक संगीत का प्रतिष्ठित नाम थीं। खासकर, छठ महोत्सव के लिए गाए उनके गीत आज भी हर घर में गूंजते हैं। मैथिली, भोजपुरी और मगही भाषा में उनके गीतों ने लोक संगीत को नई पहचान दी। उन्होंने मैने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, और गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा, जिनमें “तार बिजली” गीत ने विशेष लोकप्रियता पाई।

शारदा सिन्हा को 2018 में पद्म भूषण और 1991 में पद्म श्री सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। हाल ही में उन्होंने अपने पति ब्रज किशोर सिन्हा को खो दिया, जिनका ब्रेन हैमरेज के कारण निधन हो गया था। इस दुखद घड़ी में उन्होंने अपने 54 साल के विवाहिक जीवन की यादें छोड़ी हैं। भारतीय संगीत जगत शारदा सिन्हा के इस योगदान को सदैव याद रखेगा। उनके गीत और सुर लोक संगीत प्रेमियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share