सक्ती हादसा: नहर में गिरी 20 लोगों से भरी पिकअप, 2 बच्चे बहे, तलाश जारी, जसगीत कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सभी

सक्ती हादसा: नहर में गिरी 20 लोगों से भरी पिकअप, 2 बच्चे बहे, तलाश जारी, जसगीत कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सभी

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बुधवार 9 अक्टूबर की रात तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर नगर में गिर गई। पिकअप में 20 लोग सवार थे। इस हादसे में 18 लोगों को तो जैसे-तैसे नहर से निकाल लिया गया। ये सभी सुरक्षित हैं, लेकिन 2 बच्चे लापता हैं। बच्चों की उम्र करीब 6 साल है। घटना नगरदा थाना क्षेत्र की है।

SDRF की टीम बच्चों की तलाश में जुटी

दोनों बच्चों की तलाश की जा रही है। SDRF की टीम भी नहर में उतरी है, लेकिन अभी तक बच्चों को कोई पता नहीं चल सका है। रेस्क्यू किए गए लोगों ने बताया कि ये लोग जसगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

जसगीत कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण

हादसे में बच गए लोगों ने बताया कि वे सभी सक्ती जिले के ग्राम बैलाचूंवा में रहते हैं। बुधवार 9 अक्टूबर को सलीहाभांठी में जसगीत का कार्यक्रम था। पिकअप में सवार होकर करीब 20 लोग वहीं के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि ड्राइवर बहुत तेज पिकअप चला रहा था। उन्होंने उसे इसके लिए मना भी किया था और धीरे गाड़ी चलाने को कहा था, लेकिन बार-बार कहने के बाद भी उसने बात नहीं मानी। ऐसे में जैसे ही पिकअप मोहगांव बरपाली के पास पहुंची, यहां अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।

18 लोगों को किया गया रेस्क्यू

नहर में पिकअप के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी लोग शोर मचाने लगे। आसपास के लोगों ने उनकी मदद की। तत्काल पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 18 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया। इन सभी 18 लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी सुरक्षित हैं, इन सबको मामूली चोट लगी है। लेकिन 2 बच्चे अभी भी लापता है।

पिकअप को नहर से बाहर निकाला गया

पुलिस ने जेसीबी की सहायता से पिकअप को नहर से बाहर निकाल लिया है। लापता बच्चों में ड्राइवर का 6 वर्षीय बेटा इंद्रा भी है। वहीं दूसरे बच्चे का नाम अशोक जायसवाल है। अशोक की उम्र भी 6 साल ही है। दोनों बच्चों की तलाश की जा रही है। लोगों ने बताया कि ड्राइवर नशे में धुत था। नशे में गाड़ी चलाने की वजह से हादसा हुआ।

सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत ने हादसे पर जताया दुख

इधर सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने तत्काल दोनों बच्चों को ढूंढने के लिए कहा है। चरणदास महंत ने कलेक्टर और एसपी से बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली है। साथ ही जल संसाधन विभाग को नहर के पानी को बंद करने के निर्देश दिए हैं।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share