Rava Dhokla Recipe: बढ़िया जालीदार-साॅफ्ट बनेगा रवा ढोकला, फाॅलो कीजिए ये क्विक और ईज़ी रेसिपी…

Rava Dhokla Recipe: रवा ढोकला एकदम कम तेल में और घर में आसानी से अवेलेबल चीज़ों से बनने वाला टेस्टी नाश्ता है। रवा ढोकला पचाने में भी हल्का होता है और पूरी संतुष्टि भी देता है। इसके साथ धनिये-पुदीने की हरी चटनी मिल जाए तो फिर बात ही क्या। रवा ढोकला बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है और आप इसे बच्चों को लंच बाॅक्स में भी दे सकते हैं। रवा ढोकला बनाने की एकदम ईज़ी रेसिपी हम यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं जिससे बहुत ही जालदीर और स्पंजी ढोकला बनकर तैयार होगा।
रवा ढोकला बनाने के लिए हमें चाहिए
- रवा/सूजी-1 कप
- दही- 1 कप
- पानी-1/2 कप या आवश्यकतानुसार
- नींबू का रस-1 टेबल स्पून
- नमक-स्वादानुसार
- ईनो फ्रूट साॅल्ट – 1 टी स्पून
- तेल-1 टी स्पून
तड़के के लिये
- तेल-1 टेबल स्पून
- राई- 1 टी स्पून
- करी पत्ता-7-8
- हरी मिर्च-2, लंबाई में कटी
- तिल-1 टी स्पून (ऑप्शनल)
- हरा धनिया – सजाने के लिए
रवा ढोकला ऐसे बनाएं
1. एक बड़ा कटोरा लें। अब इसमें दही और पानी मिलाकर सूजी का घोल बनाएं। इसमें नमक, नींबू का रस और तेल डालें। अच्छी तरह मिलाएं। अब मिश्रण को करीब 20 मिनट के लिए ढंककर रख दें।
2. एक प्रेशर कुकर में दो गिलास पानी डालें। अब बैटर में ईनो डालें और इसे एक ही दिशा में धीरे-धीरे चलाएँ। बैटर झागदार हो जाए यानी उसमें एयर बबल दिखने लगें तो ठहर जाएं। ध्यान रहे कि हमें मिश्रण को फेंटना नहीं है।
3. अब जिस बर्तन में हमें ढोकले को स्टीम करना है उसे ग्रीस कर लें और फटाफट ढोकले के बैटर को उसमें ट्रांसफर कर दें।
4. अब कुकर के अंदर एक स्टैंड रखें और इसके ऊपर ढोकले का बर्तन रख दें। मध्यम आंच पर कुकर को गैस पर चढ़ा दें। ढक्कन की गैस्किट या रबर लगे रहने दें लेकिन सीटी निकाल दें।
5. करीब 20 मिनट में ढोकले पक जाएंगे। आप चाकू से कट लगा कर इसे चेक कर सकते हैं कि यह पका है या नहीं पका है। अगर चाकू साफ निकल आए तो ढोकले पक गए हैं। अब आंच बंद कर दें और 5 मिनट के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें। उसके बाद ढोकले के बर्तन को बाहर निकाल लें। थोड़ी देर ठंडा होने दें।
6. इतनी देर में आप तड़का तैयार कर लें। उसके लिए एक पैन में तेल गर्म करें ।उसमें राई का तड़का दें। इसके बाद हरी मिर्च और करी पत्ते डालें। साथ ही आप तिल भी डाल सकते हैं। आपका तड़का तैयार है।
7. ढोकले को बर्तन से निकाल लें। उसके ऊपर तड़का और बारीक कटा हरा धनिया फैला दें और इसे मनचाहे पीस में काट लें। आपका रवा ढोकला तैयार है। अपनी मनपसंद चटनी या फिर कैचप के साथ इसका मजा लें।