Raipur News: अविनाश एलिगेंस की सेंटरिंग गिरी, दो मजदूरों की मौत, 6 को कराया गया अस्पताल में भर्ती, कलेक्टर ने की पुष्टि

रायपुर। रायपुर के बीआईपी रोड स्थित अविनाश एलिगेंस की निर्माणाधीन 8 मंजिला इमारत की सेंटरिंग गिर गई। हादसे में दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई। वहीं, मलबे में दबने से 6 मजदूर घायल हो गये, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कलेक्टर गौरव कुमार और एसएसपी लाल उमेद सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को मलबे से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड़ पर अविनाश एलिगेंस नाम से एक इमारत बनाई जा रही है। रोज की तरह आज भी काम चल रहा था। इमारत की आठ मंजिला छत पर मजदूरों द्वारा सेंटरिंग और लोहे का स्टैंड लगाकर ढलाई किया जा रहा था। इसी दौरान छत पर लगा सेंटरिंग मजदूरों पर गिर गया और मलबे के नीचे कुछ मजदूर दब गये।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने मलबे से दबे मजदूरों को निकाला। हादसे में दो मजूदरों की मौत हो गई है। वहीं, 6 मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर कलेक्टर गौरव कुमार और रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह पहुंचे हुये है।
कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले में जो भी दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। मलबा हटाने का काम जारी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।