Mukesh Chandrakar: ठेकेदार के सेप्टिक टैंक में पत्रकार की मिली लाश, एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर…

बस्तर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में तीन दिनों से लापता पत्रकार की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। पत्रकार मुकेश चंद्राकर (Mukesh Chandrakar) का शव उनके घर से करीब तीन किमी दूर एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर मिला है। मौके पर बीजापुर एसपी सहित पुलिस के आला अधिकारी मौजूद है। पुलिस ने घटना स्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि मुकेश की हत्या कर उसके शव को निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया था। फिलहाल बीजापुर पुलिस मामले में जांच कर रही है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 1 जनवरी की शाम को मुकेश चंद्राकर घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें काॅल किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। रात भर घर नहीं लौटे तो सुबह उनके भाई पत्रकार युकेश चंद्राकर ने अपने भाई की गुमशुदगी की जानकारी सोशल मीडिया और अपने परिचितों से शेयर की। साथ ही मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी।
पत्रकार के गुमशुदगी की शिकायत को बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने गंभीरता से लिया और जांच करने के निर्देश दिये थे। जिसके बाद बीजापुर एसपी के नेतृत्व में कई टीमों को एक्टिव किया गया था। इस दौरान पत्रकार मुकेश चंद्राकर के मोबाइल का लोकेशन चट्टानपारा इलाके के एकनिर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के पास मिला।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश शुरू की। इस दौरान सैप्टिक टैंक को तोड़कर अंदर से पत्रकार के शव को निकाला गया। बताया जा रहा है कि जिस जगह में पत्रकार का शव मिला है वो किसी ठेकेदार का है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं, पत्रकार मुकेश चंद्राकर का शव मिलने की खबर के बाद से पत्रकारों में भारी आक्रोश है। पत्रकारों ने मांग की है कि मामले में जो भी दोषी है, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाये और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये।






