Mahtari Vandan Sammelan : आज बढ़ा है छत्तीसगढ़ महतारी का मान-सम्मान और गौरव, डिप्टी CM मुंगेली में महतारी वंदन सम्मेलन में हुए शामिल

Mahtari Vandan Sammelan : आज बढ़ा है छत्तीसगढ़ महतारी का मान-सम्मान और गौरव, डिप्टी CM मुंगेली में महतारी वंदन सम्मेलन में हुए शामिल

Mahtari Vandan Sammelan रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिला मुख्यालय में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सम्मेलन में काशी (वाराणसी) से वर्चुअली जुड़कर प्रदेश में महतारी वंदन योजना का शुभारंभ करते हुए महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजधानी रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित किया। राज्य शासन की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आज मुंगेली जिले की भी दो लाख 14 हजार 452 महिलाओं के खातों में प्रथम किस्त की राशि पहुंची।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मुंगेली के आदर्श कृषि उपज मण्डी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और स्वर्णिम अक्षरों में लिखने का दिन है। आज छत्तीसगढ़ महतारी का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा है। महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक-एक गारंटी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पूरा करने के लिए कार्य किया जा रहा है। गांव, गरीब और किसानों की तरक्की और खुशहाली के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही हैं। राज्य में नई सरकार बनने के बाद सबसे पहले 18 लाख गरीब परिवारों को आवास देने का निर्णय लिया गया। उसके बाद 12 लाख से अधिक किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया गया। प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसकी अंतर की राशि 12 मार्च को किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि माताओं और बहनों के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। हर घर शौचालय, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं और महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जा रही है। महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, उनकी तरक्की और खुशहाली के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक बेटियों और महिलाओं की तरक्की नहीं होगी, तब तक देश की तरक्की नहीं हो सकती। उन्होंने महिलाओं को बधाई देते हुए महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग अपने परिवार की खुशहाली के लिए करने को कहा।

मुंगेली के विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को एक हजार रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने आज महिलाओं के खातों में राशि अंतरित कर इसकी शुरूआत की है। मुंगेली के कलेक्टर राहुल देव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गिरिजाशंकर जायसवाल, वनमंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत की सदस्य दुर्गा उमाशंकर साहू और नगर पालिका के कार्यकारी अध्यक्ष मोहन मल्लाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हितग्राहियों को प्रदान किया प्रशस्ति पत्र

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत मुंगेली जिले में सबसे पहले आवेदन भरने वाली हितग्राही श्यामलता जनार्दन सहित 15 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने योजना के क्रियान्यवन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 16 महिला पर्यवेक्षकों, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नवाचारी शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए 13 शिक्षिकाओं और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए 13 स्वसहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। साव ने खेल प्रोत्साहन के तहत खिलाड़ियों को क्रिकेट किट तथा राज्य स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान किया।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share