Maharashtra News Hindi: 'बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद बिश्नोई गैंग के निशाने पर था पुणे का एक नेता', मुंबई पुलिस का दावा

Maharashtra News Hindi: 'बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद बिश्नोई गैंग के निशाने पर था पुणे का एक नेता', मुंबई पुलिस का दावा

Maharashtra News Hindi: बाबा सिद्दीकी की हत्या से जुड़े मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने नया खुलासा किया है। पुलिस ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रडार पर पुणे का एक और नेता था। मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “लॉरेंस बिश्नोई गैंग पुणे के एक नेता को भी मारने की योजना बना रहा था। इस अपराध को अंजाम देने की जिम्मेदारी प्लान B में शामिल शूटरों को दी गई थी।”

कैसे हुआ खुलासा?

दरअसल, क्राइम ब्रांच ने सिद्दीकी को मारने में इस्तेमाल की गई एक पिस्तौल बरामद की थी। इसके बाद बिश्नोई गैंग के प्लान B का खुलासा हुआ। इस पिस्तौल का इस्तेमाल पुणे में अपराध को अंजाम देने में किया जाना था। क्राइम ब्रांच ने मामले की जानकारी पुणे पुलिस के साथ साझा की है। हालांकि, क्राइम ब्रांच ने निशाने पर रहे पुणे के नेता की पहचान अभी तक उजागर नहीं की है।

8 नवंबर को क्राइम ब्रांच ने सिद्दीकी हत्याकांड में गौरव विलास अपुने नामक युवक को गिरफ्तार किया है। अपुने सिद्दीकी मामले में एक संदिग्ध शूटर है और कथित तौर पर प्लान B का हिस्सा था। पुलिस के मुताबिक, अपुने ने कबूल किया कि वह और एक अन्य संदिग्ध रुपेश मोहोल 28 जुलाई को झारखंड गए थे। यहां उन्होंने शूटर शुभम लोंकर के निर्देश पर हथियार चलाने का प्रशिक्षण लिया था।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, दोनों ने झारखंड में एक दिन गोली चलाने का अभ्यास किया था और 29 जुलाई को पुणे लौट आए। यहां दोनों शुभम लोनकर के संपर्क में आए। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी झारखंड में उस जगह का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जहां दोनों ने अभ्यास किया था। इस बीच, सिद्दीकी की हत्या मामले में आदित्य गुडनकर और रफीक शेख नामक 2 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

12 अक्टूबर को हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या

पूर्व विधायक और सलमान खान के दोस्तों में शामिल बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को उनके बेटे जीशान के कार्यालय के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाले 3 लोग एक बाइक पर आए थे। पुलिस ने मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। मास्टरमाइंड शुभम लोनकर, जीशान अख्तर समेत अन्य फरार हैं। बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली है, जिसने सलमान से नजदीकियों को कारण बताया है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share