Ladakh Tank Accident News: लद्दाख में जेसीओ समेत 5 जवान शहीद, नदी पार करते समय हुआ हादसा, रक्षा मंत्री ने जताया दुख

Ladakh Tank Accident News: लद्दाख : केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में बड़ा हादसा हो गया है. भारतीय सेना के 5 जवानों की मौत हो गयी. शनिवार सुबह टैंक अभ्यास के दौरान नदी पार करते समय पांच जवान नदी में बह गए और उनकी जान चली गई.
नदी में आयी बाढ़
जानकारी के मुताबिक़, घटना शुक्रवार – शनिवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे की है. लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी कारकोरम रेंज में टैंक अभ्यास चल रहा था और सेना के कई टैंक यहां मौजूद थे. इस बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास सेना के जवान टी-72 टैंक में सवार होकर श्योक नदी पार कर रहे थे. तभी एलएसी के पास अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वहां बाढ़ आ गयी.
पांच जवान शहीद
नदी का बहाव काफी तेज था जिससे टैंक का नियंत्रण बिगड़ गया, और उसके साथ – साथ सेना के जवान भी बह गए. वहां मौजूद रक्षा कर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया. लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. जेसीओ समेत पांच जवानों की मौत हो गई. सभी जवानो के शव बरामद कर लिए गए है. हादसे में जवान आरआईस एमआर के रेड्डी, डीएफआर भूपेन्द्र नेगी, एलडी अकदुम तैयबम, हवलदार ए खान (6255 एफडी वर्क शॉप), सीएफएन नागराज पी (एलआरडब्ल्यू) शहीद हुए है.
राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “लद्दाख में नदी पार कराते समय हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हमारे पांच बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से मुझे बेहद दुख हुआ है…शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। दुख की इस घड़ी में राष्ट्र उनके साथ खड़ा है.”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुःख
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हादसे पर दुख जताया. उन्होंने एक्स पर लिखा “लद्दाख में एक नदी पार करते समय एक जेसीओ सहित 5 भारतीय सेना के बहादुरों की जान जाने से हम बहुत दुखी हैं. इस दर्दनाक त्रासदी के शिकार हुए सैन्य कर्मियों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएँ. दुख की इस घड़ी में, पूरा देश हमारे वीर सैनिकों की अनुकरणीय सेवा को सलाम करने के लिए खड़ा है.






