BJP Chhattisgarh: सरकार में जाएंगे किरण सिंहदेव, छत्‍तीसगढ़ BJP के लिए नए प्रदेश अध्‍यक्ष की तलाश!

BJP Chhattisgarh: सरकार में जाएंगे किरण सिंहदेव, छत्‍तीसगढ़ BJP के लिए नए प्रदेश अध्‍यक्ष की तलाश!

BJP Chhattisgarh: रायपुर। विष्‍णुदेव साय सरकार में कैबिनेट विस्‍तार की अटकलों के के बीच प्रदेश बीजेपी अध्‍यक्ष किरण सिंहदेव के सरकार में जाने चर्चा है। माना जा रहा है कि सिंहदेव संगठन की बजाय सरकार में जाना चाहते हैं, वैसे भी बस्‍तर संभाग से अभी सरकार में केवल एक ही मंत्री हैं। इसी तर्क के साथ सिंहदेव को मंत्री बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। इस चर्चा को शुक्रवार को बीजेपी प्रदेश कोर कमेटी की बैठक के बाद और बल मिल गया है।

बता दें कि बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ बीजेपी की कोर कमेटी हुई है। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, सरोज पांडे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, धरम लाल कौशिक, भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय, मंत्री रामविचार नेताम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री पुन्नू लाल मोहिले, प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा मौजूद रहे। पार्टी नेताओं के अनुसार बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण विषयों पर पदाधिकारियों के साथ विस्तारित चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में सिंहदेव के सरकार में जाने की स्थिति में नए प्रदेश अध्‍यक्ष को लेकर चर्चा हुई है। इधर, पार्टी नेताओं के अनुसार सिंहदेव यदि मंत्री बनाए जाते हैं तो उन्‍हें बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष का पद छोड़ना होगा। ऐसे में नए अध्‍यक्ष की नियुक्ति होगी। नए अध्‍यक्ष के नाम को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं हो पाया है। अध्‍यक्ष पद के लिए सभी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इसमें सामान्‍य वर्ग के किसी नेता को यह जिम्‍मेदारी दी जा सकती है। वहीं, किसी वरिष्‍ठ विधायक को भी प्रदेश अध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी दी जा सकती है।

कैबिनेट विस्‍तार के बाद उठेगा इस रहस्‍य से पर्दा

बीजेपी में नए प्रदेश अध्‍यक्ष की नियुक्ति होगी या सिंहदेव ही बने रहेंगे यह कैबिनेट विस्‍तार के बाद ही तय हो पाएगा। बता दें कि राज्‍य कैबिनेट में फिलहाल दो मंत्रियों के पद खाली है। कैबिनेट का विस्‍तार को लेकर फिलहाल संशय की स्थिति बनी हुई है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share