Delhi New CM Atishi: आतिशी होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, सीएम अरविंद केजरीवाल की लेंगी जगह

Delhi New CM Atishi: दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों की बैठक में आतिशी के नाम पर मुहर लग गई है। मंगलवार को 10:30 बजे पार्टी के सभी विधायक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंच गए थे, जहां कुछ घंटों की मंत्रणा के बाद यह फैसला लिया गया। केजरीवाल शाम को 4:30 बजे दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे और नए मुख्यमंत्री की जानकारी देंगे।
26 और 27 सितंबर को बुलाया जाएगा विधानसभा सत्र
आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिस पर सभी विधायकों ने अपनी सहमति जताई है। आतिशी को सर्वसम्मति से विधानसभा में आम आदमी पार्टी के विधायक दल का नेता भी चुना गया है। केजरीवाल के इस्तीफे और आतिशी के मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली सरकार 26 और 27 सितंबर को दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाएगी।






