Dahi Vs Chhachh: दही या छाछ, गर्मी में क्या लेना बेहतर? जानिए आयुर्वेद की नज़र से…

Dahi Vs Chhachh: दही या छाछ, गर्मी में क्या लेना बेहतर? जानिए आयुर्वेद की नज़र से…

Dahi Vs Chhachh: आमतौर पर हम सभी गर्मी में दही का सेवन करना पसंद करते हैं। ऐसा माना जाता है कि इससे पाचन अच्छा रहता है और इसकी तासीर भी ठंडी है। इसलिए गर्मियों में दही खाना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। लेकिन क्या आयुर्वेद भी ऐसा ही मानता है? क्या गर्मियों में दही खाना उचित है? या फिर गर्मी में छाछ का सेवन उपयुक्त है? आज के आर्टिकल में हम इसी बारे में बात करेंगे और बताएंगे कि गर्मियों में दही के सेवन के बारे में आयुर्वेद क्या कहता है। तो चलिए जानते हैं कि दही या छाछ, गर्मी में किसका सेवन आयुर्वेद के अनुसार सही है।

० आयुर्वेद के अनुसार दही के गुण-धर्म क्या हैं?

आयुर्वेदिक डॉक्टर रुपाली जैन बताती हैं कि आमतौर पर लोग मानते हैं कि दही की तासीर ठंडी है। लेकिन ऐसा नहीं है। बल्कि दही की तासीर गर्म है। साथ ही यह पचने में भी भारी है। इसलिए आयुर्वेद में इसे गर्मी के सीज़न में ‘अपथ्य’ चीजों की श्रेणी में शामिल किया गया है। चरक और सुश्रुत संहिता के अनुसार दही का स्वभाव खट्टा है। यह कफ और पित्त को बढ़ाने वाला है इसलिए गर्मी के दौरान ‘मार्च से लेकर मई’ तक इसका सेवन करना उचित नहीं है।

० छाछ के गुण-धर्म क्या हैं?

डाॅ रूपाली जैन बताती हैं कि आयुर्वेद के अनुसार गर्मियों में दही के बजाय छाछ का सेवन करने के सलाह दी गई है। क्योंकि छाछ पचने के लिए हल्की है। यह जठराग्नि को बढ़ाने वाली है यानी इसके सेवन से खाना अच्छी तरह पचता है। छाछ कफ और वात दोनों को कम करती है। लेकिन अगर छाछ खट्टी है तो वह पित्त को बढ़ा सकती है। इसलिए गर्मी में कम खट्टी छाछ लेना उचित है।

० आयुर्वेद के अनुसार छाछ लेने के तरीके

आयुर्वेद में छाछ लेने के तरीके भी बताए गए हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में।

1. आयुर्वेद के अनुसार वात प्रकृति वाले लोगों को छाछ में सेंधा नमक डालकर लेना चाहिए।

2. वहीं पित्त प्रकृति वाले लोगों को छाछ में मिश्री डाल कर लेना चाहिए।

3. कफ प्रकृति वाले छाछ में सौंठ, काली मिर्च डालकर सेवन करें।

० छाछ के सेवन के फायदे

अब जब हम यह जान गए हैं कि गर्मियों में छाछ का सेवन अधिक उपयुक्त है तो अब आइए इसके खास फायदों पर संक्षेप में नजर डालते हैं।

1. पोषक तत्वों से भरपूर

छाछ के सेवन से शरीर को भरपूर प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है। साथ ही इसमें सोडियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस,विटामिन बी 12,राइबोफ्लेविन आदि भी होते हैं।

2. वेट लाॅस में मददगार

छाछ में न्यूनतम फैट और कैलोरी होते हैं। जबकि यह शरीर को बहुत से ज़रुरी एंजाइम्स उपलब्ध कराती है। साथ ही छाछ के सेवन से मेटाबॉलिज्‍म बूस्ट होता है। इसलिए छाछ वजन कम करने में मदद करती है।

3. हार्ट के लिए फायदेमंद

छाछ का सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। इसमें मौजूद तत्व कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। साथ ही छाछ में मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रखते हैं।

4. छाछ पीने से मिलती है एनर्जी

प्रोटीन और विटामिन B12 से भरपूर छाछ के सेवन से हमें एनर्जी मिलती है और शरीर बेहतर तरीके से काम करता है। शरीर में कमजोरी, थकान, कंपन,मांसपेशियों में कमजोरी जैसी समस्याएं नहीं होती।

5. इम्यूनिटी बढ़ाती है छाछ

विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर छाछ आपकी इम्यूनिटी को भी बेहतर बनाती है। जिससे आप जल्दी बीमार नहीं पड़ते हैं।

6. हड्डियां होती हैं मजबूत

छाछ में कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम और प्रोटीन जैसे तत्व होते हैं जो हड्डियों के निर्माण,रखरखाव और उनका घनत्व बढ़ाने में मदद करते हैं।

7. त्वचा और बालों में आती है जान

छाछ का नियमित सेवन त्वचा और बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद है। छाछ बाॅडी को हाइड्रेट करती है। इसमें मौजूद विटामिन्स त्वचा और बालों को उनकी खोई चमक लौटाते हैं और रूखापन दूर करते हैं। वहीं छाछ बाॅडी को डीटाॅक्स भी करती है। इसका भी पाॅज़िटिव असर स्किन पर नज़र आता है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share