Chhattisgarh Tiger Attack: छत्तीसगढ़ के जंगल से खेत में पहुंच रहे टाइगर, किसान पर किया हमला… बाल-बाल बचा किसान…

Chhattisgarh Tiger Attack: बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व के घने जंगलों से भटककर टाइगर ने अब गांव की ओर रूख कर दिया है। बिलासपुर जिले के तखतपुर के एक किसान पर गुरुवार की सुबह छह बजे टाइगर ने हमला कर दिया। टाइगर के हमले से किसान बुरी तरह घायल हो गया है। जख्मी और गंभीर रूप से घायल किसान को सिम्स में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
ट्यूबवेल चालू कर खेत में पानी डालने गए किसान पर खेत में ही छिपकर बैठा टाइगर ने हमला कर दिया। टाइगर के हमले के दौरान आसपास के ग्रामीणों के शोर मचाने पर टाइगर घायल किसान को छोड़कर भाग निकला। टाइगर के हमले से बुरी तरह जख्मी किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज किया गया। मामले की सूचना पर वन विभाग की टीम ने कांबिंग शुरू कर दी है।
ग्राम कठमुण्डा निवासी किसान शिवकुमार जायसवाल गांव के राजू सिंह ठाकुर के कठमुण्डा के तुरतुरिया खार स्थित प्लाट को अधिया लेकर खेती-बाड़ी करता है। गुरुवार की सुबह तकरीबन 6 बजे ट्यूबवेल चालू कर पानी डालने के लिए खेत की ओर जा रहा था तभी पुलिया में छिपे टाइगर की दहाड़ने की आवाज आई और जब तक वह पलट कर देखता तब तक टाइगर ने उस पर हमला कर दिया।
टाइगर के हमले से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रिफर कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर पदस्थ डॉ शैलेंद्र शुक्ला ने टाइगर बाइट की पुष्टि की है। सूचना पर वन विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम घटनास्थल की ओर रवाना गई ।






