Chhattisgarh Paddy News: धान की आदान सहायता राशि सीधे एकाउंट में आने से किसानों के चेहरे खिले, पढ़िये खाते में पैसे आने के बाद किसानों ने क्या कहा

Chhattisgarh Paddy News: धान की आदान सहायता राशि सीधे एकाउंट में आने से किसानों के चेहरे खिले, पढ़िये खाते में पैसे आने के बाद किसानों ने क्या कहा

Chhattisgarh Paddy News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन अभूतपूर्व रहा। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ जिला मुख्यालय बालोद स्थित सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में हजारों किसानों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के लगभग 24 लाख 75 हजार किसानों को इस योजना के तहत 13 हजार 320 करोड़ रूपए की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के ग्राम भरदाखुर्द के किसान रामाधार साहू को मुख्य मंच पर धान के आदान सहायता राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री के हाथों धान की एकमुश्त राशि मिलने से खुश किसान साहू ने बताया कि विष्णुदेव साय सरकार ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीदकर प्रदेश के किसानों को देश में सर्वश्रेष्ठ स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार से पहले कभी सोचा नही था की कोई धान का सर्वाधिक मूल्य देगा।

इस सरकार ने देश में धान का सर्वाधिक मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल देकर किसानों का मान सम्मान बढ़ाया है। किसान साहू ने बताया कि वह 36 एकड़ में खेती करते है। धान आदान सहायता के रूप में मिले इतनी बड़ी राशि का वह खेती किसानी में सदुपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिक फसल उत्पादन करने के लिए खेत खरीदने में आदान सहायता राशि का उपयोग करेंगे। साथ ही यह राशि बच्चों के भरण पोषण और पढ़ाई लिखाई में भी काम आएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के किसानों से 3100 रूपए क्विंटल की दर से धान खरीदी की गारंटी दी थी। इस गारंटी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना की प्रदेशव्यापी शुरूआत आज हुई। इस योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि का अंतरण उनके बैंक खातों में करने के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों सहित विकासखण्ड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान के मूल्य के मान से अंतर की राशि प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में राज्य के 24.72 लाख किसानों से 144.92 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई जिसके एवज में किसानों को 31 हजार 914 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। किसानों को धान के मूल्य में अंतर की राशि 13 हजार 320 करोड़ रूपए का भुगतान होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की किसानों से की गई उक्त गारंटी भी पूरी हो गई।

दशकों से खेती किसानी के काम करते आ रहे बालोद जिले के कोटगांव के किसान दुर्गाराम देशमुख को कभी एहसास भी नहीं हुआ होगा कि उनको धान की आदान सहायता राशि के रूप में एक साथ 13 लाख 35 हजार रुपए से अधिक राशि मिलेंगे। आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों इतनी बड़ी राशि का प्रमाण पत्र पाकर किसान दुर्गाराम खुशी के मारे फुले नहीं समाए।

धान की आदान सहायता राशि पाकर किसान दुर्गा राम ने विष्णुदेव साय सरकार की खूब तारीफ की। साथ ही इस सरकार को किसानों के सच्चे हितकारी भी बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के दुख दर्द को समझने वाले मुख्यमंत्री ने हमें धान का मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल प्रदान किया, जो की पूरे देश में सर्वाधिक है। वास्तव में कीचड़ मिट्टी में मिल के किए किसानी कार्य और किसानों के सम्मान के लिए सही इनाम सरकार की ओर से मिला है। लगभग 70 एकड़ जमीन में खेती करने वाले किसान दुर्गाराम लगभग 46 सदस्यों के एक संयुक्त परिवार के मुखिया है। उनके 5 पुत्र कृषि कार्यों में संलग्न है। सभी मिल जुलकर खेती किसानी का कार्य करते है। लगभग 90 वर्षीय किसान दुर्गा राम धार्मिक आस्था और भगवान राम के सच्चे श्रद्धालु है।

दुर्गाराम के पुत्र लोनसिंह देशमुख ने बताया की उनके पिताजी प्रत्येक वर्ष पौष पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में और माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक राजिम कुंभ मेले के अवधि में 15 दिन तक राजिम में निवास करते है। उन्होंने बताया की धान की सहायता राशि से वह धर्म नगरी राजिम में एक पक्का मकान बनाएंगे। जिससे उन्हें भगवान राजीव लोचन की नगरी में रहने में सहूलियत होगी।

उल्लेखनीय है कि मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन के फलस्वरुप किसानों को उनके उपज का वाजिब दाम दिलाने छत्तीसगढ़ के किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य देने आज कृषक उन्नति योजना की शुरुआत हुई। इसके तहत किसानों को समर्थन मूल्य के अलावा 917 रुपए प्रति क्विंटल की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की गई। इससे किसानों को समर्थन मूल्य मिलाकर प्रति क्विंटल 3100 रूपये धान की कीमत मिली। इससे छत्तीसगढ़ के किसानों का आत्मविश्वास खूब बढ़ेगा और खेती किसानी में भी तरक्की होगी। साथ ही आर्थिक रूप से भी छत्तीसगढ़ के किसान किसी से कम नहीं होंगे। किसान दुर्गा राम ने किसानों के हित के बारे में सोचने और उस बात को अमल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का खुले मन से तारीफ किया और आभार जताया।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share