Chhattisgarh News: राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय को पार्टी ने दी बड़ी जिम्‍मेदारी: संसद में इस भूमिका में आएंगे नजर

Chhattisgarh News: राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय को पार्टी ने दी बड़ी जिम्‍मेदारी: संसद में इस भूमिका में आएंगे नजर

Chhattisgarh News: रायपुर। राजनांदगांव सीट से बीजेपी सांसद संतोष पांडेय को संसद में बीजेपी विधायक दल का सचेतक बनाया गया है। वहीं डॉ. संजय जायवाल को मुख्‍य सचेतक नियुक्‍त किया गया है। डॉ. जायसवाल पश्चिमी चंपारण (बिहार) से सांसद चुने गए हैं। संतोष पांडेय को सचेतक बनाए जाने पर विधानसभा अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बधाई दी है। बता दें कि डॉ. रमन राजनादगांव सीट से विधायक हैं। 

राजनांदगांव सांसद पांडेय के साथ ही श्रीनिवास पुजारी, सुधीर गुप्ता, स्मिता उदय वाघ, दिलीप साल्किया, गोपालजी ठाकुर, कमलजीत सहरावत, धवल लक्ष्मणभाई पटेल, देवुसिंह चौहान, जुगल किशोर शर्मा, कोटा अनंत नायक, दामोदर अग्रवाल, कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सतीश कुमार गौतम, शशांक मणि और खगेन मुर्मू को भी सचेतक नियुक्त किया गया है।

जानिये..कौन हैं संतोष पांडेय

संतोष पांडेय राजनांदगांव से लगातार दूसरी बार सांसद निर्वाचित हुए हैं। आरएसएस की पृष्ठभूमि से आने वाले संतोष पांडेय ने राजनांदगांव लोकसभा सीट से चुनाव लड़कर कांग्रेस के प्रत्याशी, पाटन विधायक व पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल को हराया है।

संतोष पांडेय का जन्म 31 दिसंबर 1967 को कबीरधाम जिले के सहसपुर में हुआ है। उनके पिता का नाम स्व.शिव प्रसाद पांडेय और माता का नाम सोना देवी पांडेय है। संतोष पांडे की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी पूरी तरह भाजपा से जुड़ी रही है। इनके पिता स्वर्गीय शिव प्रसाद पांडेय सहसपुर लोहारा मंडल के दो बार मंडल अध्यक्ष रहे हैं। इनकी माता सोना देवी पांडेय अविभाजित मध्य प्रदेश में प्रदीप गांधी के जिला पंचायत अध्यक्ष रहने के दौरान जिला पंचायत सदस्य रही हैं। इनके भाई संघ के विभिन्न प्रचारक पदों पर हैं।

संतोष पांडेय ने रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से बीए एलएलबी की डिग्री हासिल की है। इनका व्यवसाय कृषि है। कृषि के अलावा इन्हें किराए से भी आय प्राप्त होती है। संतोष पांडेय का विवाह 5 जुलाई 1995 को रेखा पांडेय के साथ हुआ है। उनके दो पुत्र है। संतोष पांडेय की कुल घोषित संपत्ति चुनाव आयोग के शपथ पत्र के अनुसार 2 करोड़ 48 लाख रुपए है। उनका मूल निवास वार्ड नंबर एक शांतिदिप राइस मिल के पास कवर्धा है।

संतोष पांडेय आरएसएस के बाल्यकाल से स्वयंसेवक हैं। संघ के तृतीय वर्ष शिक्षित भाजपा के मंडल अध्यक्ष से लेकर राजनांदगांव जिला के युवा मोर्चा के दो बार अध्यक्ष रहे। भाजपा के दो बार प्रदेश मंत्री रहने के अलावा प्रदेश महामंत्री रहें हैं। कृषि उपज मंडी कवर्धा के अध्यक्ष रहें। वे खेल एवं युवा कल्याण आयोग के प्रदेश अध्यक्ष भी रहें। संतोष पांडेय 2003 में विधानसभा परिसीमन होने से पूर्व वीरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी रहे। मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल के दौरान निकाली जा रही दो विकास यात्रा के प्रभारी रहें। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रांत के सहसंयोजक रहे।

2014 के लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह राजनांदगांव सांसद हुआ करते थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने सीटिंग सांसद का टिकट काटकर संतोष पांडेय को राजनांदगांव लोकसभा से चुनाव मैदान में उतारा। हालांकि संतोष पांडेय को रमन सिंह के विश्वसत नेताओं में गिना जाता था।

संतोष पांडेय ने कांग्रेस के प्रत्याशी भोलाराम साहू को एक लाख से अधिक मतों से चुनाव हराया।भाजपा के प्रत्याशी संतोष पांडेय को 662387 वोट मिले। कांग्रेस के प्रत्याशी भोलाराम साहू को 550421 वोट मिले। संतोष पांडेय 13 सितंबर 2019 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के स्टैंडिंग कमेटी के मेंबर बने। 9 अक्टूबर 2019 को शासकीय आश्वासनो संबंधी समिति के सदस्य बने। वे केंद्रीय वन एवं पर्यावरण जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के परामर्शदात्रि समिति के भी सदस्य हैं।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share