CG Vidhansabha Budget Session 2025: विधायक अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने भाजपा के इस विधायक को सम्मान करने की दी नसीहत…

CG Vidhansabha Budget Session 2025: रायपुर। प्रश्नकाल के दौरान दुर्ग के विधायक रिकेश सेन के सवालों का स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जवाब दे रहे थे। इसी बीच विधायक ने सवाल खड़ा करते हुए कुछ ऐसी बात कह दी जो सदन की गरिमा के अनुकूल नहीं था। विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि प्रश्न करने का यह तरीका गलत है। प्रश्न करिए, खूब करिए,कड़े सवाल उठाइए। पर यह सब गरिमा के अनुरुप होने चाहिए। आपके सवालों में विनम्रता और सम्मान झलकना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह की हिदायत का असर भी हुआ। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा आसंदी से कहे गए शब्दों और समझाइश का आज प्रश्नकाल के दौरान में सदन में पूरा-पूरा असर दिखाई दिया।
विधायक रिकेश सेन ने स्वास्थ्य मंत्री से सवाल पूछा कि मौजूदा सत्र 2025-26 में छत्तीसगढ़ दुर्ग हाउसिंग बोर्ड, औद्यौगिक क्षेत्र कालोनी व जवाहर नगर भिलाई जिला-दुर्ग में नवीन चिकित्सालय खोलने का शासन का कोई प्रस्ताव है क्या। फिर पूछा कि अगर खोलने की योजना शासन की है तो ऐसी स्थिति में नवीन 100 बिस्तर चिकित्सालय का निर्माण हाउसिंग बोर्ड कालोनी औद्यौगिक क्षेत्र जवाहर नगर में कब तक पूरा हो जाएगा। विधायक के इस सवाल पर स्वास्थ मंत्री जायसवाल के जवाब के बाद विधायक सेन ने कहा कि दुर्ग और भिलाई जैसे शहर में अस्पताल की सुविधा आम लोगों को नहीं मिल पा रही है। मंत्री से पूछा कि 100 बिस्तर अस्पताल खोलने के क्या मापदंड और नियम है। इस पर मंत्री ने कहा कि जवाहर नगर औद्योगिक क्षेत्र के पास ही जिला अस्पताल है। यहां लोगों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा मुहैया कराया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा इलाज किया जा रहा है। चिकित्सा सुविधा की कोई कमी नहीं है।
0विधायक ने दिखाई तल्खी, स्पीकर ने किया हस्तक्षेप
स्वास्थ्य मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायक सेन ने मंत्री से सीधे सवाल पूछा कि अगर आपके निर्वाचन क्षेत्र में इसी तरह की असुविधा होती है और लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ता तो ऐसी स्थिति में आप क्या करते। मंत्री कुछ जवाब दे पाते इसके पहले ही विधानसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप किया। विधानसभा अध्यक्ष डा सिंह ने विधायक सेन से कहा कि प्रश्न करने का यह तरीका गलत है। सवाल करिए पर उसमें सदन के प्रतिमा गरिमा के साथ ही मंत्री के प्रति विनम्रता और सम्मान झलकना चाहिए।