CG Vidhansabha Budget Session 2025: छत्तीसगढ़ में है वक्फ बोर्ड की 5732 अचल संपत्तियां, 5 सालों में केंद्र – राज्य सरकारों ने दिए करोड़ों रुपए, विधानसभा में मंत्री ने पेश किया जवाब

CG Vidhansabha Budget Session 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश में वक्फ बोर्ड की 5732 संपत्तियां हैं। इसके अलावा 2711 ईमारत,1084 संस्थान संचालित हैं। वक्फ बोर्ड को केंद्र और राज्य सरकार ने मिलाकर पिछले पांच वर्षों में 29 करोड़ रुपए से ज्यादा की फंडिंग की हैं। आज विधानसभा में लगाए गए सवाल के जवाब में मंत्री ने इसकी जानकारी दी।
वक्फ बोर्ड का उद्देश्य व संपत्ति के विषय में विधायक अजय चंद्राकर ने आज विधानसभा में सवाल पूछा था। विधायक अजय चंद्राकर ने पूछा था कि वक्फ बोर्ड क्या है? उसके उद्देश्य क्या है? प्रदेश में कब से लागू हैं? प्रदेश में दिनांक एक फरवरी 2025 की स्थिति में वक्फ बोर्ड अंतर्गत कितनी चल और अचल संपत्ति कहा कहा है तथा कितने शेयर्स किन किन कंपनियों में हैं। प्रदेश में वक्फ बोर्ड अंतर्गत कितनी इमारतें कहा कहा है? और कितने संस्थान संचालित हैं? एक दिसंबर 2018 से 31 जनवरी 2024 तक वक्फ को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कितनी कितनी राशि प्राप्त हुई? वक्फ बोर्ड द्वारा 2019 से 2023 तक कहा– कहा कितनी कितनी निजी निजी/ शासकीय तथा भूमि पर आधिपत्य हेतु दावा किया गया है और कितने पर आधिपत्य किया जा चुका है तथा परिसंपत्तियों के दुरुपयोग की कितनी कितनी शिकायतें प्राप्त हुई हैं?
इसके जवाब में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का प्रभार संभाल रहे मंत्री रामविचार नेताओं ने लिखित जवाब पेश किया। जिसके अनुसार वक्फ बोर्ड एक ऐसा संगठन हैं,जो धार्मिक एवं धर्मार्थ उद्देश्यों के लिए दान की गई संपत्तियों का प्रबंधन करता है। उसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का संरक्षण और सही प्रबंधन सुनिश्चित करना है। वक्फ बोर्ड का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों की देखरेख और उनका धार्मिक और चैरिटेबल उद्देश्यों के लिए सही उपयोग करना वक्फ संपत्तियों से संबंधित विवादों का उचित और शीघ्र निपटान करना है।
यह प्रदेश में 25 जुलाई 2005 से लागू है। प्रदेश में एक फरवरी 2025 की स्थिति में कोई चल संपत्ति नहीं है। वक्फ बोर्ड अंतर्गत 5732 अचल संपत्ति, 2711 इमारतें, 1084 संस्थान संचालित है। 1 दिसंबर 2018 से 31 जनवरी 2024 तक वक्फ बोर्ड को केंद्र सरकार द्वारा राशि रुपए 23,14, 805,00 राज्य सरकार द्वारा 6,28,00,000 राशि प्राप्त हुई है। वर्ष 2019 से 2023 तक वक्फ बोर्ड द्वारा किसी भी शासकीय अथवा निजी भूमि पर आधिपत्य का दावा नहीं किया गया है और ना ही आधिपत्य किया गया है।