Bilaspur News: कोल इंडिया बांटेगा अधिकारियों को महंगे मोबाइल, श्रमिको का फूटने लगा गुस्सा

Bilaspur News: बिलासपुर। कोल इंडिया अपनी स्थापना के 50 वीं वर्षगांठ पर अपने अधिकारियों को महंगे मोबाइल गिफ्ट करने वाला है। कोल इंडिया के बोर्ड ने प्रस्ताव को बोर्ड की बैठक में मंजूरी दे दी है। वहीं श्रमिकों के लिए इस तरह की कोई योजना नहीं होने से श्रमिक संगठनों ने इस पर नाराजगी जताई है।
20 अक्टूबर को कोल इंडिया के बोर्ड की बैठक में 3 हजार अधिकारियों को 4 ग्रेड में मोबाइल देने का निर्णय लिया है। वही 47 हजार के लगभग कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया है। जिसके चलते श्रमिक संगठनों में इसकी नाराजगी है।
बीएमएस, एचएमएस और सीटू ने कोल इंडिया के निदेशक विनय रंजन को इस मसले पर पत्र लिखा है। कोल इंडिया के स्थापना दिवस पर तीन नवंबर को कोलकाता स्थित विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर न्यू टाइउन में आयोजित होने वाले समारोह के बहिष्कार की चेतावनी दी है। यूनियन का कहना है कि कोल इंडिया का प्रबंधन मजदूरों के साथ भेदभाव कर रहा है। कोल इंडिया के बोर्ड ने अधिकारियों को स्थापना दिवस के उपहार में मोबाइल देने की मंजूरी दी है। केवल अधिकारियों को उपहार देने का निर्णय उचित नहीं है। श्रमिकों ने कहा है कि यह दर्शाता है कि कंपनी की प्रगति में उनकी कोई भूमिका नहीं है जो कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
चार कैटेगिरी में बांटे जाएंगे मोबाइल
कोल इंडिया के प्रबंधन ने ई-ग्रेड के अधिकारियों को 60 हजार, ई-8 ग्रेड को 50 हजार रुपए का मोबाइल हैंडसेट उपहार के तौर पर देने का निर्णय लिया है जबकि ई-4 से ई-6 ग्रेड के अधिकारियों को 40 हजार और ई-1 से ई-3 ग्रेड के अधिकारियों को कंपनी 30 हजार तक का मोबाइल हैंडसेट देगी। कोल इंडिया के इस घोषणा का लाभ एसईसीएल में काम करने वाले लगभग 3000 अधिकारियों को मिलेगा। वहीं मजदूरों को लेकर कोई घोषणा नहीं होने से एसईसीएल में काम करने वाले लगभग 47 हजार कर्मी मायूस हैं। उन्हें उम्मीद थी कि स्थापना दिवस पर उनके लिए भी कंपनी का प्रबंधन उपहार देगा।