Accident: आठ की मौत, लोगों से भरी कार नहर में गिरी, 4 महिला, 3 बच्चे समेत परिवार के आठ लोगों की गई जान

कैथल। हरियाणा के कैथल में एक कार अनियंत्रित होकर सिरसा ब्रांच नहर में गिर गई। इस घटना में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और कार चालक शामिल है। बताया जा रहा है सभी एक ही परिवार के थे।
दरअसल, मृतक परिवार गांव डीग्र के रहने वाले थे। आज सभी एक कार में सवार होकर पुंडरी से कैथल की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आसपास उनकी कार कैथल के गांव मुंदडी के पास अनियंत्रित होकर सिरसा ब्रांच नहर में गिर गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि कार सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना में चार महिलाएं, तीन बच्चे और कार सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से मृतकों को कार से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इधर, एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों का इस घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।