Chhattisgarh News: एक साथ होंगे निकाय और पंचायत चुनाव, लेकिन अलग-अलग रहेगी मतदान की तारीख

Chhattisgarh News: एक साथ होंगे निकाय और पंचायत चुनाव, लेकिन अलग-अलग रहेगी मतदान की तारीख

Chhattisgarh News: रायपुर। एक राज्‍य एक चुनाव की तैयारी में जुटी छत्‍तीसगढ़ की विष्‍णुदेव साय सरकार ने इसका खाका तैयार कर लिया है। आईएएस ऋचा शर्मा की कमेटी ने भी प्रदेश में दोनों चुनाव एक साथ कराने की अनुशंसा कर दी है। माना जा रहा है कि 16 अक्‍टूबर को कैबिनेट की बैठक में इसका प्रस्‍ताव रखा जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार जो दोनों चुनाव एक साथ कराने की जो योजना बनाई गई है उसमें निकाय और पंचायत चुनाव के कार्यक्रमों की घोषणा एक साथ की जाएगी। चुनाव का कार्यक्रम चरणबद्ध होगा। इसमें पंचायत और निकाय के लिए नामांकन की अलग-अलग तारीख तय की जाएगी। मतदान के लिए भी दो अलग- अलग तारीख घोषित की जाएगी। मतगणना एक साथ कराया जाएगा। इस प्रस्‍ताव पर अंतिम निर्णय राज्‍य कैबिनेट को लेना है। कैबिनेट की अगली बैठक में इसका प्रस्‍ताव रखा जा सकता है।

नगरीय निकाय चुनावों पर पड़ेगा असर

अफसरों के अनुसार दोनों चुनाव एक साथ कराए जाने की स्थिति नगरीय निकायों और पंचायतों पर थोड़ा- थोड़ा असर पड़ेगा। पिछली बार निकाय चुनाव के लिए नवंबर और पंचायत के लिए मार्च में कार्यक्रम जारी किया गया था। इस बार दोनों चुनावों के लिए नवंबर में कार्यक्रम जारी किया जा सकता है। इसके बाद 10 से 15 जनवरी तक नई बॉडी का गठन कर लेने का लक्ष्‍य रखा जाएगा।

देर से शुरू हुआ मतदाता सूची के काम

नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने का काम इस बार देर से शुरू हुआ है। अफसरों के अनुसार चुनाव आयोग से मतदाता सूची मई तक प्राप्‍त हो जाती थी, लेकिन इस बार अगस्‍त में आयोग ने राज्‍य निवार्चन आयोग को मतदाता सूची सौंपी है। इस वजह से मतदाता सूची पुनरिक्षण का काम थोड़ा देर से शुरू हुआ है।

ऋचा शर्मा कमेटी ने सौंप दी है रिपोर्ट

राज्‍य सरकार ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराए जाने की संभावना का अध्‍ययन करने के लिए आईएएस ऋचा शर्मा की अध्‍यक्षता में कमेटी बनाई थी। कमेटी 8 अगस्‍त में बनाई गई थी। इस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार कमेटी ने दोनों चुनाव एक साथ कराए जाने की अनुशांसा की है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share