Raigarh News: अधिकारियों के आदेश का उल्लंघन करने वाले पंचायत सचिव को किया गया निलंबित…

रायगढ़। अधिकारियों के आदेश का उल्लंघन करने वाले ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित किया गया है। उच्च अधिकारियों के द्वारा तबादला किए जाने के बाद नए पदस्थ पंचायत सचिव को पदभार नहीं सौंपने के चलते जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र यादव ने यह कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सचिव कोतासुरा हीरालाल धोबा को कार्यालयीन आदेश के द्वारा प्रशासकीय कार्य व्यवस्था के दृष्टि से ग्राम पंचायत कोतासुरा से कार्यालय जनपद पंचायत पुसौर में पदस्थ करते हुए रूपेन्द्र साव, ग्राम पंचायत सचिव, जनपद पंचायत पुसौर को ग्राम पंचायत कोतासुरा में पदस्थ किया गया। धोबा पंचायत सचिव के द्वारा उक्त आदेश के पालन में ग्राम पंचायत कोतासुरा का प्रभार नहीं सौपा और आदेशों की अवहेलना की।
उच्चाधिकारियों के आदेशों-निर्देशों की अवहेलना करने तथा अपने पदीय कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतना प्रमाणित पाया गया। जिसके फलस्वरूप हीरालाल धोबा को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत पुसौर निर्धारित किया गया है।






