Bilaspur News: सांय-सांय नौकरी: जिला पंचायत में एक साथ आधा दर्जन युवाओं को मिली अनुकंपा नियुक्ति

Bilaspur News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल में सांय-सांय काम हो रहा है। यह जुमला नहीं सौ फीसद हकीकत है। आमतौर पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए आश्रितों को कार्यालय का चक्कर काटना पड़ता था। इसके बाद भी तय समय पर काम नहीं हो पाता था। अब ऐसा नहीं है।
जिला पंचायत बिलासपुर ने दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के आधा दर्जन आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देते हुए ग्राम पंचायत सचिव के पद पर ज्वाइन करने का नियुक्ति पत्र दे दिया है। सभी छह पंचायत सचिवों को 15 दिन के भीतर जनपद पंचायतों में अपनी ज्वाइनिंग देने के साथ ही प्रभार वाले ग्राम पंचायत में कामकाज संभालने कहा गया है।
मुख्यमंत्री साय ने शासकीय कर्मचारियों की सेवाकाल के दौरान आकस्मिक निधन होने पर दी जाने वाली अनुकम्पा नियुक्ति के आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ और तेजी से निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के इस निर्देश का जिला पंचायत बिलासपुर ने तत्परता से अमल किया है। उन्होंने एक साथ छह आश्रितों को ग्राम पंचायत सचिव के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति आदेश जारी करते हुए पदस्थापना आदेश जारी किये हैं।
कलेक्टर अवनीश शरण ने अनुकंपा नियुक्ति के मामलों को टीएल की बैठक में रखने का निर्देश पहले ही दे दिया है। प्रति सप्ताह वे विभिन्न विभागों में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित आने वाले आवेदनों की जानकारी लेते हैं व तय समय सीमा में निराकरण का निर्देश भी दे रहे हैं।
इनको मिली अनुकंपा नियुक्ति
विकास कुमार ग्राम खपरी पो ओखर तहसील मस्तुरी को मस्तुरी जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत गिधपुरी में पंचायत सचिव के रूप में पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार अभिलेश कुमार धीवर ग्राम गिरजाबंद नवागांव कर्रा थाना रतनपुर की पोस्टिंग ग्राम पंचायत कुवारीमुड़ा, जनपद पंचायत कोटा, दुगेश कुर्रे ग्राम पचपेड़ी तहसील मस्तुरी की पदस्थापना बकरमुड़ा जनपद पंचायत मस्तुरी, विवेक कुमार श्रीवास ग्राम रानीबछाली पोआ मझवानी की पोस्टिंग ग्राम पंचायत लिटिया जनपद पंचायत कोटा, प्रवीण कुमार कंवर ग्राम जोगीसार तहसील पेण्ड्रारोड की पदस्थापना ग्राम पंचायत बेलपत जनपद पंचायत गौरेला जीपीएम तथा गुरूचरण सावले ग्राम पोस्ट अमारू की पदस्थापना ग्राम पंचायत पदगंवा जनपद पंचायत पेण्ड्रा जीपीएम में की गई है।
शिक्षा विभाग ने मंगाई दावा आपत्ति
स्कूल शिक्षा में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर एक दर्जन आश्रितों ने आवेदन दिया है। अदालती कार्रवाई से बचने और मामले के निराकरण के लिए डीईओ ने दावा-आपत्ति मंगाई है। दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






