Unified Command: नक्सलवाद के खिलाफ जंग पर आज हो सकता है बड़ा फैसला: सीएम विष्णु देव की अध्यक्षता में यूनिफाइड कमांड की बैठक शुरू

Unified Command: रायपुर। राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में सरकार की एक बड़ी बैठक चल रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में चल रही इस बैठक में राज्य सरकार के आला पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ ही केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल के अधिकारी शामिल है।

प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही जंग की दृष्टि से इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में नक्सल मोर्चे पर सरकार और आक्रामक होने सहित प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है।

यह बैठक यूनिफाइड कमांड की है। नक्सल विरोधी अभियान और प्रभावित क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए गठित यह कमांड मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में काम करता है। बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग मनोज कुमार पिंगुआ सहित केंद्र एवं राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, आईटीबीपी, बीएसएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ, भारतीय वायुसेना और छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं।






