एक्शन में सरकार: कमिश्नर के औचक निरीक्षण में मिली गड़बड़ी, रिकार्ड दुरुस्त नहीं रखने वाले क्लर्क को शोकाज नोटिस

एक्शन में सरकार: कमिश्नर के औचक निरीक्षण में मिली गड़बड़ी, रिकार्ड दुरुस्त नहीं रखने वाले क्लर्क को शोकाज नोटिस

बिलासपुर। संभागायुक्त महादेव कावरे ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेख एवं पंजियों के रखरखाव में पाई गई छोटी-मोटी कमियों को एक सप्ताह में अपडेट करने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय की खाद्य शाखा की सहायक वर्ग 2 भारती सिंह को कैश बुक एवं सेवा पुस्तिका अपूर्ण रखने पर शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त कावरे ने लगभग एक घंटे तक जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व में किये गये निरीक्षण टीप एवं इनके पालन प्रतिवेदन की जानकारी ली। कलेक्टर न्यायालय, नाजिर शाखा, वित्त शाखा, रिकार्ड रूम, खाद्य शाखा, खनिज शाखा एवं कोषालय शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान प्रमुख रूप से सेवा पुस्तिका, कैश बुक, बिल बुक, पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति, भर्ती आदि कार्यों के फाइल का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने अर्थदण्ड की वसूली के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय में विभिन्न पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

0 इसलिए नाराज हुए कमिश्नर

कावरे ने खाद्य शाखा में धान खरीदी के बाद इसके निपटारे की प्रगति की जानकारी ली। धान मिलान की प्रगति अत्यंत कम होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे जल्दी पूर्ण करने को कहा। उज्ज्वला गैस एवं राशन कार्ड की जानकारी भी ली। सेवा पुस्तिका एवं कैश बुक के अपूर्ण रखने पर सहायक वर्ग 2 भारती सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

0 लेटलतीफी चिकित्सकों की खबर लेने दिया निर्देश

कमिश्नर कावरे ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं और जरूरतों की सिविल सर्जन से जानकारी ली। विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सुबह 10 बजे तक डेन्टल एवं आर्थोपेडिक डॉक्टरों एवं उनके सहयोगी स्टॉफ के नहीं पहुंचने पर नाराजगी जाहिर की एवं इनकी खबर लेने के निर्देश दिए। कावरे ने जिला अस्पताल में संचालित पोषण पुनर्वास केन्द्र भी देखे। फिलहाल 19 कुपोषित बच्चों की भर्ती कर देखरेख की जा रही है। उन्होंने बच्चों की माताओं से चर्चा कर यहां दिए गए सलाह के अनुरूप बच्चों का लालन-पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने मरीजों के लिए बन रहे भोजन का भी रसोई घर में जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि अस्पताल में रोज मरीजों के चादर बदले जा रहे हैं। हर दिन अलग-अलग रंग के चादर निर्धारित किये गये हैं। शुक्रवार को पर्पल कलर का चादर आज बिछाया गया था। उन्होंने अस्पताल में भर्ती स्थानीय तेलीपारा निवासी 70 वर्ष से ज्यादा उम्र की महिला का तत्काल वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए। जिला अस्पताल में संधारित विभिन्न मदों की पंजी, सेवा पुस्तिका, बिल पंजी आदि का अवलोकन किया और बचे हुए कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने की मोहलत दी।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share