CG Election 2025: पंचायत चुनाव में कई जिलों में बीजेपी का क्लीन स्वीप, लेकिन दो मंत्रियों के क्षेत्र में लगा तगड़ा झटका

CG Election 2025: रायपुर। पंचायत चुनाव के पहले चरण में राज्य के कई जिलों में बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपना वर्चस्व कायम किया। नारायणपुर, कवर्धा, खैरागढ़, कोंडागांव, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे जिलों में पार्टी ने सभी सीटें जीतकर क्लीन स्वीप किया।
बीजेपी का जलवा अन्य जिलों में भी देखने को मिला, जहां पार्टी ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर जीत दर्ज की। जांजगीर-चांपा में 6 में से 4, बलरामपुर में 6 में से 4, सक्ती में 4 में से 3, बालोद में 5 में से 3, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 4 में से 2 सीटों पर बीजेपी समर्थित प्रत्याशियों ने सफलता हासिल की। वहीं, रायगढ़ में 6 में 5, धमतरी में 6 में 5 और कांकेर में 6 में 4 सीटों पर भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया।
सीएम ने कार्यकर्ताओं और जनता को दी बधाई
निकाय के बाद पंचायत चुनाव मिली सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजेप कार्यकर्ताओं, प्रत्याशियों और जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता ने बीजेपी की नीतियों, विकास कार्यों और पारदर्शी प्रशासन पर भरोसा जताया है। यह जीत जनता के आशीर्वाद और बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। बीजेपी सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह जीत उसी दिशा में जनता की स्वीकृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजे बताते हैं कि जनता बीजेपी की नीति और नेतृत्व पर पूरा भरोसा कर रही है। पार्टी की सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में जो विकास कार्य किए हैं, जनता ने उन पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि बीजेपी का संकल्प है कि गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे और जनता को सुशासन मिले।
मंत्री जायसवाल और राजवाड़े के क्षेत्र में झटका
राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बीजेपी की सफलता के बीच पार्टी को दो मंत्रियों के क्षेत्र में निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव में भी झटका लगा है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह जिला सूरजपुर में पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के छह सीटों के लिए हुए चुनाव में छह सीट बीजेपी हार गई है। चार सीटों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते हैं, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय जीत गए हैं। सूरजपुर नगरपालिका चुनाव भी बीजेपी हार गई थी। इसी तरह स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के गृह जिले मनेंद्रगढ़ के खड़गवां इलाके के जिला पंचायत की दो की दोनों सीट पर बीजेपी हार गई है। यहां रेणुका सिंह और सोनमति उरें बीजेपी समर्थित उम्मीदवार थीं। सोनमती जनपद पंचायत खड़गवां की अध्याक्ष थी और रेणुका सिंह जिला पंचायत कोरिया की अध्यक्ष थीं।






