CG Teacher Suspended: शराबी शिक्षक सस्पेंड, बच्चों को पढ़ाना छोड़ घूम रहे थे नशे में, विभाग की कार्यवाही…

CG Teacher Suspended: बिलासपुर। बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के शराबी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। मस्तूरी ब्लाक के ग्राम पंचायत बहतरा के जनपद प्राथमिक शाला बहतरा में पदस्थ सहायक शिक्षक का शराब के नशे में धुत्त होने का वीडियो वायरल हुआ था। स्कूल में पढ़ाना छोड़ शिक्षक शराब के नशे में धुत्त होकर स्कूल के बाहर भटक रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने पूर्व में भी कई बार शिक्षक के खिलाफ शिकायत की थी कोई कार्यवाही नहीं थी। अब कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच के बाद बीईओ के जांच प्रतिवेदन के आधार पर शराबी शिक्षक को निलंबित किया गया है।
मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत आने वाले जनपद प्राथमिक शाला बहतरा में शशि भूषण मरावी सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनका शराब के नशे में स्कूल के पास घूमने का वीडियो वायरल हुआ था। नशे की हालत में शराबी शिक्षक थककर स्कूल के बाहर सड़क पर बैठ गए थे। शराबी शिक्षक का वीडियो वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो में शिक्षक से पूछने पर वह खुद ही शराब पीने की पुष्टि कर रहे थे। वही वीडियो बनाने वाले का वीडियो शराबी शिक्षक बना रहा था। बच्चों से पूछने पर बच्चों ने बताया था कि सर आज स्कूल नहीं आए थे। जबकि शिक्षक शराब पीकर स्कूल के आसपास ही घूम रहे थे।

ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के समय में नशाखोरी करने वाले शिक्षक के विरुद्ध पूर्व में भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी पर इस पर कार्यवाही नहीं हुई थी। जिसका खामियाजा यहां पढ़ने वाले बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शराबी शिक्षक पर कार्यवाही नहीं होने पर कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत की बात कही थी।
मामले में मीडिया में प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर अवनीश शरण ने मामले को संज्ञान में लिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू को वायरल वीडियो के जांच करवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर के आदेशानुसार डीईओ ने मस्तूरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए थे। जांच में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने 5 दिसंबर की घटना के वायरल वीडियो के सही होने की पुष्टि की। स्कूल अवधि में शराब के नशे में होने पर सहायक शिक्षक शशि भूषण मरावी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने का प्रस्ताव खंड शिक्षा अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा।
खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के पश्चात शशि भूषण मरावी सहायक शिक्षक एलबी जनपद प्राथमिक शाला बहतरा विकासखंड मस्तूरी को कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनके कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी नियत किया गया है।
बता दे कि मस्तूरी ब्लॉक में शिक्षा विभाग से जुड़ी अनियमितताएं लगातार सामने आ रही है। कलेक्टर ने पचपेड़ी स्वामी आत्मानंद विद्यालय के शिक्षक को छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में बर्खास्त किया था। इससे पहले स्वामी आत्मानंद स्कूल जयरामनगर के दौर में कलेक्टर को प्राचार्य,संकुल समन्वयक समेत पांच शिक्षक अनुपस्थित मिले थे,जिन पर निलंबन की कार्यवाही की गई थी। इसके अलावा मस्तूरी ब्लाक के ही एक स्कूल से छात्राओं के बीयर पार्टी करने का वीडियो वायरल हुआ था। पचपेड़ी क्षेत्र की ही छात्राएं सड़क में धरने पर भी बैठी थी। अब शराबी शिक्षक का भी वीडियो वायरल हो गया जिस पर कलेक्टर के निर्देश पर कार्यवाही की गई।






